स्पेन के तटों पर ब्लू सी ड्रैगन का हमला: सुंदर लेकिन खतरनाक समुद्री जीव

स्पेन के कई तटीय क्षेत्रों में हाल ही में छुट्टियों के मौसम के बीच एक असामान्य और खतरनाक समुद्री जीव की वजह से समुद्र तट बंद करने पड़े। यह जीव है — ब्लू सी ड्रैगन (Blue Dragon), जिसे वैज्ञानिक नाम Glaucus atlanticus से जाना जाता है। केवल 4 सेंटीमीटर लंबा यह समुद्री स्लग, देखने में जितना सुंदर है, उतना ही खतरनाक भी है।

क्या हैं ब्लू सी ड्रैगन?

ब्लू सी ड्रैगन समुद्री स्लग की एक दुर्लभ प्रजाति है, जो आमतौर पर उष्णकटिबंधीय महासागरों की सतह पर तैरते पाए जाते हैं। अधिकांश सी स्लग समुद्र की गहराई में रहते हैं, लेकिन ब्लू ड्रैगन हवा से भरे पेट की मदद से पानी की सतह पर उल्टा तैरते हैं — जैसे कोई व्यक्ति पीठ के बल तैर रहा हो।
इनका नीला और चांदी जैसा रंग इन्हें समुद्र की सतह पर छलावरण (camouflage) करने में मदद करता है: ऊपर से नीले रंग में समुद्र से मेल और नीचे से सफेद रंग में सूरज की रोशनी के साथ घुल-मिल जाते हैं। यह रक्षा की एक रणनीति है।

क्यों खतरनाक हैं ये जीव?

ब्लू सी ड्रैगन की सबसे अनोखी विशेषता यह है कि ये जहरीले समुद्री जीवों जैसे Portuguese Man o’ War और अन्य सायफोनोफोर्स को खाते हैं। ये न केवल इन्हें निगलते हैं, बल्कि इनके डंक मारने वाले कोशिकाओं (stinging cells या nematocysts) को अपने शरीर के अंगों में संग्रहित कर लेते हैं। इससे उनके पास शक्तिशाली ज़हर जमा हो जाता है।
जब इन्हें खतरा महसूस होता है या इन्हें छुआ जाता है, तो ये जमा किया हुआ ज़हर छोड़ सकते हैं, जिससे अत्यधिक पीड़ा, सूजन, लालिमा, मतली और उल्टी जैसे लक्षण उत्पन्न हो सकते हैं। हालांकि यह जानलेवा नहीं है, लेकिन यह डंक Portuguese Man o’ War से भी अधिक तीव्र हो सकता है।

स्पेन में इनकी उपस्थिति क्यों?

ब्लू सी ड्रैगन आमतौर पर अटलांटिक, पैसिफिक और हिंद महासागर के गर्म जलों में पाए जाते हैं। लेकिन हाल के वर्षों में यह अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका तक देखे गए हैं। स्पेन के भूमध्यसागरीय तटों पर इनका आना दुर्लभ है, लेकिन वैज्ञानिकों का मानना है कि यह समुद्र के बढ़ते तापमान और इनके शिकार जैसे Portuguese Man o’ War की बढ़ती उपस्थिति के कारण संभव हुआ है।
जून के अंत में भूमध्यसागर का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया था, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक है। यह जलवायु परिवर्तन के कारण हो सकता है, जिससे यह खतरनाक जीव अब नई जगहों की ओर बढ़ रहे हैं।

खबर से जुड़े जीके तथ्य

  • वैज्ञानिक नाम: Glaucus atlanticus
  • पहली बार स्पेन में दर्ज: 1839 में कैनरी द्वीपों में
  • आमतौर पर पाए जाते हैं: उष्णकटिबंधीय महासागरों में (अटलांटिक, पैसिफिक, हिंद महासागर)
  • मुख्य शिकार: Portuguese Man o’ War (एक जहरीली जेलीफ़िश जैसी जीव)

कैसे रहें सुरक्षित?

  • समुद्र तट पर यदि कोई नीला-चांदी जैसा समुद्री जीव दिखे, तो उसे हाथ लगाने से बचें।
  • स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें और बंद किए गए तटों पर न जाएं।
  • यदि गलती से स्पर्श हो जाए, तो तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।

ब्लू सी ड्रैगन अपने सुंदर स्वरूप से लोगों को आकर्षित जरूर करते हैं, लेकिन उनका स्पर्श खतरनाक हो सकता है। इसीलिए ऐसे जीवों को दूर से देखना ही बुद्धिमानी है, खासकर जब वे अनजाने में हमारे पर्यटक स्थलों पर आ धमकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *