कर्नाटक उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायधीश के रूप में किसने शपथ ली?

उत्तर – जस्टिस अभय श्रीनिवास ओका

जस्टिस अभय श्रीनिवास ओका ने कर्नाटक उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायधीश के रूप में शपथ ली। उन्हें बंगलुरु में राजभवन में राज्यपाल वजुभाई आर. वाला ने शपथ दिलाई।

मुख्य बिंदु

जनवरी 2019 में कर्नाटक के तत्कालीन मुख्य न्यायधीश को सर्वोच्च न्यायालय में न्यायधीश नियुक्त किया गया था, तब से कर्नाटक उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायधीश का पद रिक्त था। इस दौरान जस्टिस एल. नारायण स्वमी को कर्नाटक उच्च न्यायालय का कार्यवाहक मुख्य न्यायधीश नियुक्त किया गया था। 30 अप्रैल, 2019 को सर्वोच्च न्यायालय के कॉलेजियम की अनुशंसा पर जस्टिस अभय श्रीनिवास को कर्नाटक उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायधीश नियुक्त किये जाने की घोषणा की थी।

जस्टिस अभय श्रीनिवास ओका

  • 58 वर्षीय जस्टिस अभय श्रीनिवास ओका 1983 में महाराष्ट्र के थाणे जिला न्यायालय में एनरोल हुए थे।
  • 1985-86 के दौरान उन्होंने वी.पी.टिपनिस के कार्यालय में कार्य किया, वी.पी.टिपनिस पूर्व लोकायुक्त तथा बॉम्बे उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायधीश थे।
  • अगस्त, 2003 में उन्हें बॉम्बे उच्च न्यायालय में अतिरिक्त न्यायधीश नियुक्त किया गया, नवम्बर 2005 में उन्हें स्थायी न्यायधीश नियुक्त किया गया।
  • कर्नाटक उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायधीश नियुक्त किये जाने से पहले वे बॉम्बे उच्च न्यायालय के दूसरे सबसे वरिष्ठ न्यायधीश थे।

भारत में उच्च न्यायालय

भारतीय संविधान के अनुच्छेद 214 के अनुसार प्रत्येक राज्य के लिए एक उच्च न्यायालय की व्यवस्था होनी चाहिए। उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायधीश की नियुक्ति संविधान के अनुच्छेद 217 के तहत राष्ट्रपति द्वारा भारत के मुख्य न्यायधीश तथा सम्बंधित राज्य के राज्यपाल के साथ परामर्श के बाद की जाती है। उच्च न्यायालय के न्यायधीशों की नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा भारत के मुख्य न्यायधीश तथा सम्बंधित उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायधीश के साथ परामर्श के बाद की जाती है।

Originally written on May 15, 2019 and last modified on May 15, 2019.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *